अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। शमसाबाद और मोहम्मदाबाद में बृहस्पतिवार को टीमों ने छापामारी अभियान चलाकर 13 किलो पॉलिथीन जब्त की।
नगर पंचायत में इस अभियान को लेकर कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। डीएम ने की बैठक में निकायों से कोई अधिकारी नहीं गया था। इसपर डीएम ने पॉलिथीन मिलने पर सीधे नगर पंचायत पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी। अभियान शुरू होने पर मुनादी कराई गई लेकिन एक दिन भी कोई अधिकारी पॉलिथीन जब्त करने सड़कों पर नहीं उतरा।
मंगलवार को टीम का नेतृत्व कर रहे ईओ कैलाशनाथ, अन्य अधिकारियों का इंतजार करते रहे लेकिन ना ही कोतवाली पुलिस पहुंची और न कोई अधिकारी। ईओ ने खुद ही नगर पंचायत कर्मियों के साथ चंद दुकानों पर छापा मारा था। बुधवार को यहां अभियान चलाया ही नहीं गया।
बृहस्पतिवार को ईओ ने कोतवाली पुलिस के साथ चंद दुकानों पर छापेमारी कर करीब पांच किलो पॉलिथीन जब्त की। इसी तरह शमसाबाद नगर पालिका में भी टीम ने चिकित्साधिकारी धनसिंह शाक्य के नेतृत्व में अभियान चलाया। सात दुकानों से आठ किलो पॉलिथीन जब्त की गई। कंपिल में अभी तक एक बार फिर अभियान नहीं चला।