अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बुधवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म दो, तीन व चार की लेवलिंग नीचे होने पर ऊंचा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा माल गोदाम में टूटी फर्श व सीटें देखकर नाराजगी जताई।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) आशीष अग्रवाल सुबह 10:30 स्टेशन पहुंचे। उन्होंने वाणिज्य पर्यवेक्षक अजय त्रिपाठी से क्रासिंग पर जाम लगने की स्थिति के बारे में पूछा। स्टेशन प्रबंधक उमाशंकर प्रसाद कौशिक ने बताया कि शंटिंग और ट्रेनों के आने के दौरान क्रासिंग पर जाम लग जाता है। इसके बाद एडीआरएम ने माल गोदाम का निरीक्षण किया।
प्लेटफार्म दो का टिनशेड टूटा देख नाराजगी जताई। उन्होंने आरपीएफ थाना और खानपान के स्टालों का भी जायजा लिया। कैंटीन मालिक और वेंडरों को निर्देश दिए कि रेट से ज्यादा मूल्य पर खाद्य वस्तुएं न बेचें। स्टेशन अधीक्षक को निर्देश दिए कि प्लेटफार्मों पर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखें। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद 12:30 बजे डीआरएम फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए।
2019 तक इलेक्ट्रिक लाइन का काम होगा पूरा
फर्रुखाबाद। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि अनवरगंज से मथुरा तक चल रहा इलेक्ट्रिक लाइन का काम मार्च 2019 तक पूरा होने की उम्मीद है। कानपुर से बांद्रा तक जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस का स्टापेज शीघ्र ही फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर होगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों से बातचीत चल रही है। ब्यूरो
एडीआरएम को नहीं देने दिया ज्ञापन
फतेहगढ़ में एडीआरएम के आने की सूचना पर अखिल भारतीय युवा जन सेवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहित गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी एडीआरएम को ज्ञापन देने पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि स्थानीय अफसरों ने एडीआरएम को ज्ञापन नहीं देने दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत ट्विटर पर रेल मंत्री से की है। ब्यूरो