अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़-फर्रुखाबाद रोड पर निकासी नहीं होने के कारण पानी सड़क पर भर जाता है। इससे लोगों को निकलने में समस्या होती है साथ ही सड़क पर गड्ढे भी हो जाते हैं। मंगलवार को इस रोड को बीच से खोद कर नाली बना कर पानी को दूसरी ओर ले जाने की अस्थायी व्यवस्था कर दी गई है।
फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर नेकपुर चौरासी पुल के पास रोड पर पानी की निकासी नहीं है। इससे रेलवे लाइन से सटी दीवार के पास पानी जमा हो जाता है। वहां पर वाहनों के निकलने की समस्या के साथ ही सड़क पर गड्ढे भी हो गए हैं। शिकायत पर सोमवार को एसडीएम सदर अजीत सिंह, मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार तिवारी, पीडब्ल्यूडी के एई सुहैल और जेई विकास जौहरी के साथ निरीक्षण किया। एसडीएम सदर ने बताया था कि जहां पर पानी भर जाता है वहां पर एक अंडर ग्राउंड पुलिया है। रोड से अंडर ग्राउंड पाइप डालकर पानी को रेलवे लाइन के पार मौजूद तालाब में पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि बाट माप विभाग के पास एक तालाब है इस पर लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए हैं। उन लोगों को चेतावनी दे दी गई है। एक दो दिन में नोटिस भेज दिए जाएंगे। साथ ही तालाब की अन्य जगह को भी मलबा डाल कर भर दिया गया है। उसे जेसीबी लगवा कर खाली करवाना शुरू कर दिया गया था। मंगलवार को इस रोड को बीच से खोद कर दूसरी ओर पानी निकालने की अस्थायी व्यवस्था की गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क में पहले से गड्ढे हो गए थे। अब इसे खुदवा दिया है। सड़क सही कराने की सुध तो आती नहीं है। अब पता नहीं यह सड़क कब सही होगा।