अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के तहत दिए जाने वाले ऋण के लिए बेरोजगार जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय (डूडा) के चक्कर काटने को मजबूर हैं। एक साल होने जा रहा है और अभी तक इनका साक्षात्कार नहीं हुआ है।
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहरी बेरोजगारों को दो लाख रुपये का ऋण मुहैया कराया जाता है। वित्तीय वर्ष 2018-19 में 127 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऋण के लिए करीबन 488 आवेदकों ने आवेदन कर रखा है। सूत्रों की मानें तो अगस्त वर्ष 2017 में साक्षात्कार लिया गया था। इसके बाद दो मई 2018 को करीब 60 आवेदकों का साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद से साक्षात्कार नहीं लिया गया है। नतीजतन बेरोजगार साक्षात्कार की तिथि पता करने के लिए डूडा कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
गुरुवार को डूडा कार्यालय आईं दीक्षा, शनि और सीमा सिंह का कहना था कि ऋण के लिए पांच-छह माह पहले आवेदन किया था पर अभी तक उन लोगों का साक्षात्कार नहीं लिया गया है। साक्षात्कार की तिथि के लिए चार-पांच बार आ चुकी हैं। एनयूएलएम की सिटी मिशन प्रबंधक मेघा गुप्ता ने बताया कि 25 जून को उन्होंने चार्ज ग्रहण किया है। जुलाई माह के अंत तक बेरोजगारों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
-अगस्त माह 2017 में लिया गया था साक्षात्कार
-इसके बाद से अभी तक नहीं हुआ कोई इंटरव्यू