अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जेल चौराहे के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में पल्लेदार की मौत के बाद लोगों ने सेंट्रल जेल रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर करीब 45 मिनट बाद जाम खुल सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मऊदरवाजा के भाऊपुर निवासी सोनू (25) कोल्ड स्टोर और पपियापुर स्थित खाद गोदाम में पल्लेदारी करता था। बुधवार रात सोनू अपने साथी जहानगंज के वर्नाखुर्द गांव निवासी चंद्रप्रकाश के साथ साइकिल से कोल्ड स्टोर से सेंट्रल जेल चौराहा होते हुए घर जा रहा था। जेल चौराहे के पास पीछे से आ रहे टेंपो की टक्कर से दोनों लोग घायल हो गए। फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस लोगों की मदद से उन्हें नर्सिंगहोम ले गई, वहां से एसएसआई घायलों को लोहिया अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रात में ही घायलों के परिजनों ने चौराहे के पास ही जाम लगा दिया।
सूचना पर शहर कोतवाली के एसएसआई देवेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। उनके आश्वासन पर करीब 45 मिनट बाद लोगों ने जाम खोला। सोनू की पत्नी बसंती देवी शव को देखकर अचेत हो गई थी। सोनू के दो बेटे अनुराग और बजरंगी हैं।