अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सरकार के निर्देश पर जिले भर में 100 साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं का सत्यापन किया गया। अब यह संख्या तीन ही रह गई। पहले जिले भर में 262 मतदाताओं की उम्र 100 वर्ष से अधिक बताई जा रही थी।
जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। पुराने डाटा के अनुसार जिले में 262 मतदाता ऐसे थे जिनकी उम्र 100 साल से अधिक थी। आयोग ने जब इसका सत्यापन करवाया तो जिले भर में महज तीन मतदाताओं की उम्र 100 साल से अधिक पाई गई। कायमगंज विधानसभा के नत्थूलाल और पाती राम की उम्र 104 और 101 है। वहीं, अमृतपुर विधानसभा में रामदयाल भी उम्र के 100 पड़ाव पार कर चुके हैं।
बीएलओ की लापरवाही से मृत वोटर की भी बढ़ जाती है आयु
बीएलओ की लापरवाही के कारण ऐसे हालात पैदा हो जाते हैं, जहां व्यक्ति मर चुका होता है इसके बावजूद उसका वोट बना होता है। दरअसल चुनाव आयोग का सॉफ्टवेयर प्रत्येक वर्ष अपडेट होता है। अपडेशन के दौरान वह वोटर की उम्र अपने आप एक साल बढ़ा लेता है। मतदाता की मौत के बाद न ही परिजन वोट कटवाने की जहमत उठाते हैं। न ही बीएलओ घर-घर जाकर वोटर पुुनरीक्षण करते हैं। ऐसे में मरे हुए वोटरों की भी उम्र बढ़ती रहती है।