अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज(फर्रुखाबाद)। गेस्ट हाउस में सजावट करते समय युवक को जनरेटर के तार से करंट लग गया। गेस्ट हाउस मालिक व अन्य लोग सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव देखकर परिजनों ने सीएचसी में हंगामा किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुभानपुर निवासी रामरूप का पुत्र अनिल शाक्य (40) की ब्लाक के पास मां दुर्गा साउंड व टेंट हाउस की दुकान है। गुरुवार को कंपिल रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में अपने साथी ग्राम इनायत नगर निवासी अनिल कुमार के साथ सजावट कर रहे थे। जनरेटर चलाया। तभी वह करंट की चपेट में आ गए। उसके चीखने पर साथी कर्मचारी व गेस्ट हाउस कर्मी दौड़े व जनरेटर बंद कर उन्हें सीएचसी लेकर दौड़े। वहां डॉ. आलोक शर्मा ने मृत घोषित कर दिया और इसका मेमो कोतवाली भेज दिया।
परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। चिकित्सक ने कहा कि युवक सीएचसी में मृत आया था, इस पर परिजन सीएचसी का स्ट्रेचर भी उठाकर ले गए।