अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका क्षेत्र में बनने वाले शौचालयों की प्रगति को लेकर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बुधवार को कार्यालय पहुंचकर मातहतों से जानकारी की। उन्होंने निर्देश दिए कि जुलाई माह तक नगर पालिका क्षेत्र को ओडीएफ करा दिया जाएगा। बताया कि शौचालय ठेके पर नहीं बनाए जाएंगे।
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल दोपहर करीब 1.45 बजे पालिका कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने बड़े बाबू जितेंद्र मिश्र, मुख्य सफाई निरीक्षक केपी सिंह और जेई मुकेश जायसवाल से नगर पालिका क्षेत्र में बनने वाले शौचालयों की प्रगति के बारे में जानकारी की। चेयरमैन ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द लाभार्थियों के खातों में शौचालय निर्माण की किस्त भिजवा दी जाए, जिससे वह लोग शौचालय का निर्माण करा सकें। उन्होंने फाइलों को दुरुस्त करने को कहा। चेयरमैन के आने से पालिका कर्मचारी तेजी से शौचालयों की फाइलें खंगालने में जुट गए।
चेयरमैन ने बताया कि शौचालय ठेके पर नहीं बनाए जाएंगे। लाभार्थी ही शौचालय बनवाएगा। अगर लाभार्थी शौचालय नहीं बनवाता है तो उससे शपथपत्र लेकर उसका शौचालय ठेका पर बनाया जाएगा। शौचालयों के डाटा फीडिंग के लिए दो कंप्यूटर ऑपरेटर अतिरिक्त लगाए गए हैं। लाभार्थी के खाते में 8000 की किस्त भेजी जाएगी। जून तक 50 प्रतिशत शौचालय बनवा दिए जाएंगे और जुलाई के अंत तक नगर पालिका को ओडीएफ करवा दिया जाएगा। इसके लिए मातहतों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
1334 शौचालयों का हो चुका निर्माण
स्वच्छ भारत मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि नगर पालिका फर्रुखाबाद क्षेत्र में 7362 शौचालयों का लक्ष्य है, जिसमें 5638 स्वीकृत हो चुके हैं। 3087 को पहली किस्त के रूप में 4000 रुपये भी भेजे जा चुके हैं। अब तक 1334 लाभार्थियों ने शौचालय निर्माण का कार्य भी पूरा करा लिया है।