अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद में करीब सात माह बाद शासन ने अधिशासी अधिकारी पद पर रश्मि भारती की तैनाती की है। शासन ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।
सितंबर 2017 में नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद में तैनात रोली गुप्ता का स्थानांतरण गैरजनपद के लिए कर दिया गया था। इसके बाद कंपिल और कायमगंज के ईओ पीके श्रीवास्तव को फर्रुखाबाद का भी चार्ज दे दिया गया। तीन-तीन जगहों का चार्ज होने के चलते पीके श्रीवास्तव नगर पालिका कार्यालय फर्रुखाबाद में काफी कम समय दे पाते थे। कुछ दिन बाद उनका भी स्थानांतरण कर दिया गया।
इसके बाद एसडीएम सदर अजीत सिंह को प्रभारी ईओ की जिम्मेदारी दे दी गई लेकिन वह भी कार्यालय कभी-कभार ही आते थे। इसके चलते कार्यालय आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता था। बीते दिनों शासन ने नगर पालिका परिषद फतेहपुर में तैनात रश्मि भारती की तैनाती नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद करने के आदेश दिए हैं।