बस में आगे बैठने को लेकर पीठासीन अधिकारी और सिपाही में मारपीट हो गई। डीएम ने एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया। बाद में कोई गड़बड़ी न हो इसे ध्यान में रखते हुए एएसपी में ने सिपाही की ड्यूटी रिजर्व में करवा दी।
नोएडा निवासी सुभाष सिपाही है। वह इस समय अमरोहा जनपद में तैनात है। चुनाव के लिए उसकी ड्यूटी फर्रुखाबाद जनपद की कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर खास गांव में लगाई गई थी। रविवार को सातनपुर स्थित मंडी से सभी मतदान कार्मिक अपनी-अपनी आवंटित बसों से जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के सिकंदरपुर खास के बूथ पर जाने वाली बस में बैठे सिपाही सुभाष कुमार व पीठासीन अधिकारी विशेेष कुमार में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मारपीट होने लगी। यह देख अन्य कर्मचारियों ने बीच बचाव किया।
इस दौरान सिपाही की टी शर्ट फट गई। पीठासीन अधिकारी मंडी में बने मंच के पास पहुंच गए और अधिकारियों के सामने सिपाही पर थप्पड़ मारने का आरोप लगा कर हंगामा करने लगे। तभी जिलाधिकारी मोनिका रानी ने एएसपी त्रिभुवन सिंह को मौके पर भेजा और तुरंत एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए।
इसके बाद पीठासीन अधिकारी के तेवर कम हो गए। सिपाही ने पीठासीन अधिकारी पर मारपीट करने के आरोप लगाए। मामला तूल पकड़ने पर सिटी मजिस्ट्रेट भी पहुंच गए। साथ ही कुछ शिक्षक भी पीठासीन अधिकारी के समर्थन में पहुंच कर हंगामा करने लगे।
बाद में सिटी मजिस्ट्रेट के समझाने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद एएसपी ने आगे कोई और विवाद ना हो इसे देखते हुए सिपाही की ड्यूटी बदल कर उसे रिजर्व में कर दिया।
आगे बैठने को सिपाही व पीठासीन अधिकारी में मारपीट
मारपीट में फट गए सिपाही के कपड़े