मेरापुर में आढ़त में लगाया गया नकब।
- फोटो : FARRUKHABAD
मेरापुर थाने के सामने 50 मीटर दूर स्थित आढ़त की दुकान में सोमवार रात चोरों ने नकब लगा दिया। उसमें से 150 मक्का के पैकेट चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई। आढ़ती ने थाने में घटना की तहरीर दी।
गांव देवसनी निवासी पूर्व प्रधान गंगाप्रसाद राजपूत की मेरापुर थाने के सामने दुकान में आढ़त है। सोमवार शाम वह रोज की तरह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए। मंगलवार सुबह वह आढ़त पर पहुंचे। दुकान का शटर खोला तो वह दंग रह गए। पिछली दीवार में नकब लगी थी व दुकान के मक्का के पैकेट गायब थे।
जानकारी पर वहां भीड़ लग गई। थाने के सामने हुई चोरी से लोगों में काफी आक्रोश था। हलका इंचार्ज दिनेश यादव ने पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की। गंगा प्रसाद ने बताया कि चोर दुकान से मक्का के 150 पैकेट चोरी कर ले गए हैं। इससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि दुकान के पीछे ट्रैक्टर-ट्राली के पहिये के भी निशान बने हैं। इतनी मक्का ले जाने में चोरों को कम से कम एक से दो घंटे लगे होंगे। जबकि रात में पुलिस गश्त के दावे किए जाते हैं। गंगाप्रसाद ने घटना की तहरीर थाने में दी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।