अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद ।
एक तरफ प्रदेश और जिले के मुखिया दबंगों के चंगुल से जमीन को कब्जे को मुक्त कराकर कार्रवाई करने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी परिषदीय स्कूलों पर कब्जे की स्पष्ट सूचना तक नहीं दे रहे हैं। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताई है।
जिले में तमाम दबंग कई सरकारी और गैर सरकारी जमीनों व इमारतों पर अवैध तरीके से कब्जे किए हैं। कब्जा मुक्त कराने और कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने अलग-अलग विभागों से अवैध कब्जों की सूचना तलब की थी। विभागीय अधिकारी या तो भयवश अवैध कब्जेदारों की सूचना नहीं दे रहे हैं या फिर कब्जेदारों के साथ उनकी भी मिलीभगत है।
जिले के सभी बीईओ ने बीएसए को अवैध कब्जा करने वालों के बारे में गोलमोल सूचना दी है। इस पर नाराज बीएसए ने डीसी निर्माण दिलीप राजपूत को सभी बीईओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं। बीएसए संदीप चौधरी ने बताया कि गोलमोल सूचना उपलब्ध कराने से स्कूलों पर दबंगों के अवैध कब्जे के पीछे बीईओ की संलिप्तता भी प्रतीत होती है। इसलिए कब्जेदारों की स्पष्ट सूचना न देने तक बीईओ के वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।