फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहरी पथ विक्रेता एक जगह बेचेंगे माल

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। नगर पालिका व जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) संयुक्त रूप से शहर क्षेत्र में अभियान चलाकर ठेली विक्रेताओं को चिह्नित कर उन्हें बिक्री के लिए जगह उपलब्ध कराएगी। इससे शहर में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। चयनित दुकानदारों को आई कार्ड जारी किया जाएगा। बताते हैं कि अभी तक नगर पालिका ने लगभग 118 शहरी पथ विक्रेताओं को चिह्नित भी कर लिया है।
विज्ञापन


इस समय फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में ठेली व फुटपाथ दुकानदार रेलवे रोड, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद, भोलेपुर हनुमान मंदिर के पास, पल्ला सब्जी मंडी, कादरीगेट तिराहा, पक्कापुल, लालदरवाजा, लालसराय पानी टंकी के पास और पक्कापुल आदि इलाकों में फल, सब्जी व अन्य खानपान की सामग्री बेच रहे हैं। फुटपाथ पर ठेली व अस्थायी दुकानें लगाए जाने से रोजाना जाम की स्थिति बनती है। यही नहीं अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रोज कमाने खाने वाले सब्जी व फल विक्रेताओं को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसको ध्यान में रखते हुए शासन ने शहरी पथ विक्रेता योजना जिले में भी लागू कर दी है। इस योजना के तहत ठेली व फुटपाथ दुकानदारों को चयनित कर उन्हें आई कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही इन दुकानदारों के लिए एक जगह मुहैया कराई जाएगी, जहां चयनित दुकानदार अपनी खाद्य वस्तुएं बेचेंगे। नगर पालिका और डूडा ने सर्वे का काम शुरू भी कर दिया है।

बताया जा रहा है कि फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ में अब तक करीब 118 दुकानदारों को चिह्नित किया गया है। इन लोगों का चयन कर इन्हें आई कार्ड जारी किए जाएंगे। डूडा कार्यालय की सिटी मिशन प्रबंधक मेघा गुप्ता ने बताया कि करीब 50 दुकानदारों का चयन कर उनके आई कार्ड भी बना दिए गए हैं। 10 फरवरी तक यह आई कार्ड दुकानदारों को बांट दिए जाएंगे। एक ही जगह दुकानें लगने से शहर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को जाम की समस्या से निजात भी मिलेगी।
विज्ञापन


फतेहगढ़ में 88 व फर्रुखाबाद में 30 दुकानदार चिह्नित
नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद की कर अधीक्षक किरन सोनकर ने बताया कि शहरी पथ विक्रेता योजना के तहत नगला दीना फतेहगढ़ में 88 और रेलवे रोड फर्रुखाबाद में 30 दुकानदारों को चिह्नित कर लिया गया है। इसकी सूची बनाकर अधिशासी अभियंता निर्माण और चेयरमैन को भेज दी गई है। अब उच्चाधिकारी तय करेंगे कि दुकानदारों को जगह उपलब्ध कहां कराई जाएगी। चिह्नित किए गए दुकानदारों का चयन कर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके बाद उनके आई कार्ड जारी होंगे। हर माह दुकानदारों को न्यूनतम शुल्क करीब 50 रुपये अदा करना होगा। वेडिंग व नॉन वेडिंग क्षेत्रों में दुकानदारों को बांटा जाएगा। जल्द ही वह डूडा को चिह्नित दुकानदारों की सूची उपलब्ध कराएंगी। डूडा सर्वे कर चिह्नित दुकानदारों का वेरीफिकेशन करेगी।
विज्ञापन


शौचालय, पेयजल व बिजली भी मिलेगी
शहरी पथ विक्रेता योजना के तहत दुकानदारों को जो जगह खाद्य वस्तुएं बेचने के लिए दी जाएगी। वहां शौचालय, पेयजल और बिजली की व्यवस्था भी मुहैया कराई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें