फर्रुखाबाद। डिप्लोमा ऑफ इलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) प्रथम सेमेस्टर की सोमवार से परीक्षाएं शुरू हुईं। प्रथम दिन 2887 परीक्षार्थियों में से 130 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई।
डिप्लोमा ऑफ इलीमेंट्री एजूकेशन प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के छह इंटर कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया है। इन सभी कालेजों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पहले दिन सुबह पाली में 10 से 12 बजे और दूसरी पाली में दो से चार बजे परीक्षा कराई गई।
परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ में 600 में से 27, केआर रस्तोगी इंटर कालेज में 288 में से 20, एनएकेपी बालिका इंटर कालेज में 199 में से 29, भारतीय पाठशाला इंटर कालेज में 600 में से 26, राजकीय इंटर कालेज फर्रुखाबाद में 500 में से 14 और क्रिश्चियन इंटर कालेज में पांच सौ में से 14 नहीं हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने बताया कि डीएलएड की परीक्षा में कोई भी नकलची पकड़ा नहीं गया।