नियम से नियुक्ति न होने से 14 शिक्षकों की नौकरी गई
फर्रुखाबाद। शहर के अनुदानित शांति निकेतन जूनियर हाईस्कूल के 14 शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार न होने पर एडी बेसिक ने वेतन मंजूरी समाप्त कर दी है। वेतन न मिलने से शिक्षकों की नौकरी समाप्त मानी जा रही है।
मोहल्ला बजरिया हरलाल स्थित जूनियर हाईस्कूल में शालिनी, सुप्रिया सिंह, नेहा, राकेश अग्निहोत्री, आशीष मिश्रा, सरिता शुक्ला, श्रद्धा द्विवेदी, अभिरुचि सक्सेना, नीलम अग्निहोत्री, जितेंद्र कुमार, सर्वेश कुमार पाल, रीता यादव, शीला देवी और संजीव बाथम की प्राइमरी अनुभाग में शिक्षक के पदों पर नियुक्ति हुई थी। बेसिक शिक्षा विभाग से नियुक्तियों को अनुमोदन मिलने के बाद इनको वेतन दिए जाने की मंजूरी दी गई थी।
नियुक्तियां नियमानुसार न होने का मामला सामने आने पर 14 शिक्षकों का अनुमोदन निरस्त कर दिया गया था। वेतन मंजूरी के संबंध में मंडलीय वेतन अनुमन्यता समिति ने दोबारा विचार करने के लिए सभी शिक्षकों, प्रबंधक को एडी बेसिक केसी भारती ने 9 जून को कानपुर कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाया था।
एडी बेसिक केसी भारती ने बताया कि सुनवाई के बाद पाया गया कि 14 शिक्षकों की नियुक्ति नियमानुसार नहीं की गई थी। इस कारण वेतन मंजूरी समाप्त (वेतन नहीं दिया जाएगा) कर दी गई है। अभी तक किसी भी शिक्षक को एक बार भी वेतन नहीं मिला था।