फर्रुखाबाद। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सदर विधानसभा क्षेत्र से निकली विजय संकल्प बाइक रैली का समापन बीच रास्ते में ही कर दिया गया। हालांकि रैली का जगह-जगह स्वागत हुआ। उधर, कमालगंज और मोहम्मदाबाद में भी विजय संकल्प रैली निकाली गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन से सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी के नेतृत्व में विजय संकल्प बाइक रैली का शुभारंभ किया गया। रैली का समापन रामानंद बालिका इंटर कालेज रेलवे रोड फर्रुखाबाद में करना था, लेकिन रैली गुरुगांव देवी मंदिर, बीबीगंज, त्रिपोलिया चौक, फतेहगढ़ चौराहा से होती हुई जिला जेल पहुंची और यहीं पर रैली का समापन कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रैली में शामिल लोगों को पेट्रोल नहीं मिला। इससे वह बीच रास्ते से ही चले गए। लोगों की संख्या कम होने से रैली जिला जेल चौराहे पर समाप्त कर दी गई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। रैली समापन के बाद सदर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भी जनता प्रधानमंत्री मोदी को फिर से पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाएगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मयंक बुंदेला, विकास दुबे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बविता पाठक, रूपेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, भाष्कर दत्त द्विवेदी, वंदना पाठक, सभासद प्रबल त्रिपाठी और अंकुर मिश्र आदि रहे।
वहीं, कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार खुदागंज से विजय संकल्प रैली निकाली गई। रैली मुख्यमार्गों से होती हुई मोहम्मदाबाद रवाना हो गई। रैली में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, मयंक गुप्ता, अतुल राठौर, विशाल पाठक, पंकज वर्मा और शिवकुमार आदि मौजूद रहे। वहीं मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुुसार रठौरा नगला नीब से होते हुए मुरहास कन्हैया में संकल्प रैली का समापन हुआ। सांसद मुकेश राजपूत, लालू शर्मा, लालू बिसैन, अनिल सिंह, शिवमोहन सिंह गौर और सौरभ चौहान आदि रहे।
यह था रैली का रूट चार्ट
विजय संकल्प रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन से शुरू होकर गुरुगांव देवी मंदिर, बीबीगंज, त्रिपोलिया चौक, फतेहगढ़ चौराहा, जिला जेल, याकूतगंज, सेंट्रल जेल चौराहा, मसेनी, पांचाल घाट, कादरीगेट, आईटीआई, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद से होकर रेलवे रोड पांडेश्वरनाथ मंदिर के पास स्थित रामानंद बालिका इंटर कालेज में समाप्त होनी थी।