शासन के आदेश पर अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई को जिले में चयनित स्कूलों की सूची में फेर बदल कर दिया गया। नई जारी की गई सूची में दो स्कूलों के नाम बीईओ से प्रस्ताव लिए बगैर हटा दिया गया। सूची से हटाए गए दो स्कूलों में एक स्कूल में शिक्षक नेता तैनात हैं। इसकी दिनभर बीएसए कार्यालय में चर्चा होती रही।
शासन के आदेश पर 45 प्राइमरी और दस पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का अंग्रेजी माध्यम से संचालन कराने के लिए चयन बीईओ के माध्यम से कराया गया था। बीईओ के माध्यम से चयनित विद्यालयों की सूची बीएसए कार्यालय पहुंचने पर 13 मार्च को उसको अंतिम रूप देकर सूची जारी कर दी गई।
ताकि उसमें अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू कराई जा सके। इन स्कूलों के लिए जब शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई तो दोबारा से सूची तैयार कर गुरुवार को जारी की गई। पहले जारी हुई सूची में मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद शामिल था।
इसमें 108 बच्चों का पंजीकरण दिखाया गया था। इसी तरह राजेपुर ब्लाक क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय परमनगर का चयन हुआ था। इसमें 248 छात्र संख्या दिखाई गई थी। गुरुवार को जारी हुई नई सूची में यह दोनों स्कूल हटा दिए गए। प्राथमिक विद्यालय परमनगर राजेपुर के स्थान पर प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर और प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद के स्थान पर कन्या प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद शामिल किया गया।
इनमें भी वहीं छात्र संख्या दिखाई गई जो पूर्व के चयनित स्कूलों में थी। दोनों स्कूलों के संशोधन के लिए बीईओ से बीएसए ने कोई प्रस्ताव नहीं लिया। सूची से बाहर हुए दो स्कूलों में से एक स्कूल में शिक्षक नेता तैनात हैं। यदि वह अंग्रेजी माध्यम से संचालित होता तो उनका दूसरे स्कूल में तबादला हो जाता। इससे दो स्कूलों में संशोधन किया गया।
बीईओ मुन्नालाल त्रिवेदी ने बताया कि सूची से हटाए गए स्कूल के लिए उनसे कोई प्रस्ताव नहीं लिया गया। बीईओ राजेपुर का कहना है कि उनसे कोई प्रस्ताव नहीं लिया गया है। जिला मुख्यालय से फेरबदल किया गया है।
बीएसए रामसिंह ने बताया कि विद्यालय की भौगोलिक स्थिति देखकर संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि इन अंग्रेजी माध्यम से संचालित चयनित स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती होगी। जिन शिक्षकों के पास इंटर तक अंग्रेजी है। वह आवेदन 31 मई तक कर सकते हैं। ताकि जून में चयन प्रक्रिया परीक्षा के माध्यम से पूरी की जा सके।
बीईओ के प्रस्ताव बगैर अंग्रेजी माध्यम के स्कूल बदले
दोबारा से जारी की गई अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की सूची