फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला डबग्रान में रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। इस दौरान बिना पंजीकरण मांस का कारोबार करते 12 मीट विक्रेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनका चालान कर दिया।
मोहल्ला डबग्रान में अवैध रूप से मीट की दुकानें चलने और भैंस का मांस बेचने की शिकायत पर दो दिन पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट ने छापा मारा था। इस दौरान अधिकांश विक्रेता दुकानें बंद कर भाग गए थे। इसी के चलते सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र ने रविवार को सीओ सिटी प्रदीप सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय, शहर कोतवाल अनिल कुमार चौबे व पुलिस बल के साथ मोहल्ला डबग्रान पहुंचे। इस दौरान दुकानों पर खुलेआम मांस की बिक्री होते मिली। इस पर पुलिस ने बिना पंजीकरण मांस का कारोबार कर रहे डबग्रान निवासी सलमान, नूर मोहम्मद, नूरीउद्दीन, रिजवान, मेरोज, खटकपुरा निवासी नाजिम, कयूम, नौशाद, फैजाद, अशरफ, इश्तिखार व शानू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विमल कुमार, डॉ.शैलेंद्र रावत, अरुण कुमार मिश्रा मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य सय्यद शाह नवाज हैदर आबिदी ने बताया कि बिना पंजीकरण मांस का कारोबार करने में इन विक्रेताओं के खिलाफ पहले से ही एडीएम न्यायालय में मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद कारोबार करने की शिकायत पर छापा मारकर इन्हें गिरफ्तार कर चालान किया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र ने बताया कि कुछ मीट विक्रेताओं को उनके न्यायालय से हिदायत देकर जमानत पर छोड़ा गया है।