शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे बदहाल व्यवस्था से बेईमानी साबित हो रहे हैं। फतेहगढ़ में ट्रिपिंग व फाल्ट के चलते घंटों बिजली गुल रहती है। इससे उपभोक्ताओं के दिन का चैन व रात में नींद हराम है। उपभोक्ता जब फोन करते हैं तो उपकेंद्र से ओवरलोडिंग की वजह से फीडर बंद करने की जानकारी दी जाती है।
बेवर रोड भोलेपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से बेवर रोड व फतेहगढ़ फीडर को बिजली आपूर्ति की जाती है। पिछले तीन दिन से कोल्ड फीडर भी जोड़ दिए जाने से ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहा है। भीषण गर्मी में लोग दोपहर में घर पहुंचकर आराम करना चाहते हैं तो बिजली गुल होने से उनका चैन छिन जाता है।
मंगलवार रात आठ बजे से बिजली की आवाजाही शुरू हुई जो एक बजे तक चलती रही। इस बीच करीब ढाई घंटे बिजली कटौती की गई। बुधवार दोपहर में कई बार में घंटों बिजली गुल रही। बिजली की बदहाल व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान हैं।
अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर से कोल्ड फीडर का लोड हटा दिया गया है। वीसीबी ठीक कराकर फतेहगढ़ उपकेंद्र से कोल्ड फीडर जोड़ दिया गया। इससे पर अब ओवरलोडिंग समाप्त होने के साथ समस्या नहीं आएगी।
कस्बे में कोल्ड स्टोरेज के सामने रखा 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में बुधवार दोपहर आग लग गई। इससे मोहल्ला आजाद नगर व शास्त्रीनगर की बिजली गुल होने से उपभोक्ता गर्मी में बिलबिलाते रहे। अवर अभियंता सुजीत गिरी ने बताया केबिल जल गई थी। केबिल बदलवाने के साथ ट्रांसफार्मर चेक किया जा रहा है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
फतेहगढ़ में ट्रिपिंग और फाल्ट कर रहे बेहाल
कई बार में घंटों गुल रहती है बिजली