फर्रुखाबाद। खाड़ी देशों में युद्ध के बाद व्यावसायिक गैस सिलिंडर बंद होने के बाद दिक्कत खड़ी हो गई। ऐसे में प्रतिष्ठानों पर हो रहे रसोई गैस के प्रयोग पर अंकुश लगाने की मंशा से छापामारी की गई। टीम को 11 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए। जिला पूर्ति विभाग ने नोटिस देकर जवाब मांगा है। सिलिंडरों को गैस एजेंसी के सुपुर्द में दे दिया।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, अंतिम चौधरी व वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार के साथ आईटीआई चौराहा स्थित ग्रांट सेवर रेस्टोरेंट, अयोध्या होटल, मोती महल रेस्टोरेंट, न्यू नीलम रेस्टोरेंट, आनंद रेस्टोरेंट, सीमा बेकरी, ओम साईं बेकरी, गृहस्थी रसोई सेंटर, बन्नू मिष्ठान भंडार, पूविका रेस्टोरेंट, मधुर मिलन रेस्टोरेंट, अनोखे मिष्ठान भंडार, सौरभ गैस चूल्हा पर छापा मारकर निरीक्षण किया। टीम को प्रतिष्ठानों से 11 घरेलू रसोई गैस सिलिंडर बरामद हुए। डीएसओ ने यह द्रवित पेट्रोलियम गैस आदेश 2000 का उल्लंघन मानते हुए सिलिंडरों को जब्त कर लिया। डीएसओ ने बताया कि सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। जवाब आने पर ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सिलिंडरों को गैस एजेंसी के सुपुर्दगी में दे दिया गया है।