फर्रुखाबाद। शासन के आदेश के बावजूद जिले के 10 हजार से अधिक राज्य कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस नहीं मिल सका। वहीं नलकूप विभाग के 14 कर्मचारियों को वेतन भी नहीं मिला। कर्मचारियों ने बोनस की मांग की है।
शासन से दिवाली से पहले सभी विभाग के कर्मचारियों को बोनस देने के आदेश थे। इसके बावजूद अधिकांश विभाग के कर्मचारियों को दिवाली का बोनस नहीं मिल सका। जनपद में सभी विभागों में करीब 10 हजार से अधिक कर्मचारी हैं। दिवाली से पहले बोनस न मिल पाने से उनकी उम्मीदाें पर पानी फिर गया।
इसके अलावा आर्यावर्त ग्रामीण बैंकों का गत माह आईएफएससी कोड बदला गया है। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को वेतन भुगतान के लिए अपना बैंक खाता भी अपडेट कराना पड़ा। इससे इस माह देरी से वेतन भुगतान मिल सका।
नलकूप विभाग के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि करीब 14 लोगों को वेतन नहीं मिल सका। बोनस भी नहीं मिला। इससे त्योहार पर जेब खाली है। नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता शशांक कुमार ने बताया कि करीब 12-14 कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र वेतन के साथ बोनस का भी भुगतान कराया जाएगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी अंबरीश बाजपेई ने बताया कि जिन विभागों से वेतन व बोनस की पत्रावली भेजी गई, उनका भुगतान हो चुका है। बोनस भुगतान के लिए कुछ विभागों से ही पत्रावली भेजी गई। विभाग से पत्रावली आने से बोनस भुगतान किया जाएगा।