फर्रुखाबाद। शिक्षक शिक्षा योजना के तहत चार ब्लाॅकों के 100 शिक्षकों को सुरक्षा व संरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए रजलामई डायट में मंगलवार से तीन दिवसीय स्पेशल कक्षाएं लगेंगी। डायट प्राचार्य ने प्रशिक्षण के लिए चयनित शिक्षकों को प्रशिक्षण में भेजने का पत्र बीएसए को भेजा है।
जिले के उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूलों में तैनात शिक्षकों को वर्तमान हालात को देखते हुए छत्र-छात्राओं की सुरक्षा और संरक्षा कवच प्रदान करने के लिए नए तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य नैतिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक ने प्रोग्राम एंड एक्टिविटीज मद से तीन दिवसीय प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए थे। इसी के अनुपालन में रजलामई डायट प्राचार्य अनुपम अवस्थी ने बीएसए को पत्र भेजकर 16 से 18 दिसंबर तक शिक्षकों को प्रशिक्षण शुरू करने की बात कही है। प्रशिक्षण के लिए चयनित किए गए चार ब्लॉकों के 100 शिक्षकों की सूची भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशिक्षण के लिए चयनित शिक्षकों में शमसाबाद ब्लॉक के 11, राजेपुर के 29, मोहम्मदाबाद के 26 और नवाबगंज के 30 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी कायमगंज और शमसाबाद के दो-दो शिक्षक भी प्रशिक्षण लेंगे। उपशिक्षा निदेशक, डायट प्राचार्य अनुपम अवस्थी ने बताया कि प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षकों की सूची भेजकर जानकारी दे दी गई है। मंगलवार सुबह 10 बजे प्रशिक्षण शुरू करवा दिया जाएगा।