फर्रूखाबाद। बीएसए ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय वीरपुर का गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की कम उपस्थिति देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने डीबीटी से लाभान्वित बच्चों को यूनीफार्म दिलाने के निर्देश दिए।
बीएसए गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय वीरपुर ब्लाक नवाबगंज का निरीक्षण करने पहुंचे। विद्यालय में पंजीकृत 130 बच्चों के सापेक्ष 64 बच्चे मौजूद मिले। विद्यालय स्टॉफ को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि डीबीटी से जो बच्चे लाभान्वित हो गए हैं, उनके अभिभावकों से बात कर यूनीफार्म, जूता, मोजा, बैग, स्टेशनरी आदि की खरीद करवाई जाए। दिसंबर तक शत प्रतिशत बच्चों को निपुण बनाने के लिए शिक्षकों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कहा कि विद्यालय में जो बच्चे कमजोर हैं, उनको उपचारात्मक शिक्षण दिया जाए। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 100 छात्राओं के सापेक्ष 51 छात्राएं ही मौजूद मिलीं। सभी कक्षाओं में पढ़ाई होते मिली। कक्षा 6 की छात्राओं से बीएसए ने विज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न पूंछे। उन्होंने विद्यालय स्टॉफ को शिक्षण स्तर सुधारने, 4 से 5 घंटे स्वाध्याय कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी छत्रपाल वर्मा, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा नागेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।