फर्रुखाबाद। कोटेदार की हत्या का आरोपी व गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे दस हजार के इनामी को पुलिस ने राजा नगला गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
14 मार्च को शहर कोतवाली के गांव चांदपुर के कोटेदार रामनरेश तिवारी की अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। शव तीन दिन बाद बोरे में भरा हुआ नाले से बरामद हुआ था। पुलिस ने अप्रैल में कासगंज व कन्नौज के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तीसरा आरोपी जनपद इटावा के थाना ऊसराहार के गांव पूरनपुर निवासी विमल यादव उर्फ गुड्डू पकड़ में नहीं आया था। कुछ दिनों बाद वह कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया और जमानत पर बाहर आ गया। पुलिस ने विमल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। इसी मुकदमे वह काफी समय से वांछित चल रहा था। उस पर एसपी डॉ अनिल मिश्र ने दस हजार का इनाम घोषित कर दिया था। रविवार को फतेहगढ़ कोतवाल जयप्रकाश पाल व दरोगा अभय सिंह, सिपाही रवि यादव ने गांव राजा नगला के मोड़ से विमल यादव को दबोच लिया। पुलिस ने विमल से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद कर लिए। विमल के खिलाफ पुलिस अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत का मुकदमा दर्ज कर लिया।