संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जनपद में गत वर्ष स्वीकृत आठ राजकीय नलकूपों के निर्माण के लिए शासन से 1.15 करोड़ रुपये विभाग को मिल गए हैं। इससे नलकूपों के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
जिले में 316 राजकीय नलकूप पहले से संचालित हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में आठ नए नलकूप स्वीकृत हुए थे। इनके निर्माण के लिए शासन से एक करोड़ 15 लाख रुपये नलकूप विभाग को इस माह मिल गए हैं। इससे नलकूपों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसमें ब्लाक नवाबगंज क्षेत्र में गांव नगला हीरा सिंह में नलकूप निर्माण के लिए गुरुवार को ही बेवर रोड स्थित नलकूप विभाग के स्टोर से सीमेंट, मौरंग आदि ट्रैक्टर-ट्राली से भेजा गया। इसके अलावा मोहम्मदाबाद क्षेत्र में ज्योता, शमसाबाद में सुल्तानपुर, सिरपालपुर, कायमगंज में महमदपुर धनी, महमदीपुर, अताईपुर कोहना, गूजरपुर में नलकूप का निर्माण कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता नलकूप शशांक कुमार ने बताया कि छह नलकूपों का निर्माण कार्य चल रहा है जबकि दो नलकूपों का भी जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। एक नलकूप निर्माण पर 14 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे। गांव करनपुर बांसमई में रिबोर हुए नलकूप का 90 फीसद कार्य पूर्ण हो चुका है। नलकूपों को बेहतर तरीके से चलाने का प्रयास किया जा रहा है।