अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी देवगांव अंतर्गत भुवापुर गांव स्थित हनुमान मंदिर पर रात में सो रहे एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने छानबीन कर चार घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी ममेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया।
अमेठी जनपद के अंगुरी थाना क्षेत्र के शिवरतनगंज निवासी पंकज शुक्ला (35) पुत्र राज नारायण शुक्ला भुवापुर गांव निवासी अपने मामा श्याम नारायण मिश्रा के यहां करीब दो माह से रह रहा था।
वो शनिवार रात खाना खाने के बाद गर्मी अधिक होने के कारण घर के पास के हनुमान मंदिर में सोने चला गया। रात में ही उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई।
सुबह जानकारी मिलने के बाद इलाकाई पुलिस समेत एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी व थानाध्यक्ष विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को वारदात का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि वारदात के बाद परिवार वालों ने नामजद तहरीर दी थी। जांच में उसका नाम प्रकाश में नहीं आया।
जांच के दौरान मृतक के ममेरे भाई अखिलेश उर्फ गुल्लू मिश्रा को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने की बात कबूल की। एसएसपी ने बताया मृतक पंकज शुक्ला व आरोपी अखिलेश मिश्रा के बीच किसी बात को लेकर शनिवार शाम झगड़ा हुआ था।
इस दौरान पंकज शुक्ला ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर रात में कुल्हाड़ी से पंकज शुक्ला की हत्या कर दी और फरार हो गया। बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष कुमारगंज विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की मां चंद्रवती ने पंकज शुक्ला की हत्या का आरोप उसके चाचा राम लल्लन शुक्ला व उनके दो पुत्रों विनोद और राहुल के खिलाफ लगाते हुए तहरीर दी थी। जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया था, लेकिन विवेचना के दौरान हत्या आरोपी ममेरा भाई ही निकला।