अयोध्या। कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक स्थित मधुर स्वीट्स के कारखाने में काम करते समय एक कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाम को मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला हरदोई के थाना कछौना के गांव बरुवाहार निवासी पवन पाल (21) पुत्र राजेंद्र कोतवाली नगर अंतर्गत चौक स्थित मधुर स्वीट्स के कारखाने पर कार्य करता था। वह कारखाने के ऊपर के हिस्से में रहता भी था।
शुक्रवार शाम करीब छह बजे कारखाने में चल रही मशीन की हैंडल में करंट उतरने से पवन झुलस गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी चौक प्रभारी यशवंत द्विवेदी ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों ने मधुर स्वीट्स के मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।