टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी कार।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई है। कार की नंबर प्लेट पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा है। मौका पाकर चालक कार छोड़ भाग गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
घटना गोसाईंगंज नगर स्थित सीएचसी के सामने सुबह करीब 10:30 बजे की है। अंबेडकरनगर जिले के बाला पैकौली निवासी शिवम सिंह (23) पुत्र सर्वेश सिंह अकबरपुर से वापस अपने घर जा रहा था। फैजाबाद की तरफ से आ रही कार से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
इसमें बाइक सवार शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे सीएचसी ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवारीजनों ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिवम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर, उत्तर प्रदेश सरकार लिखी कार का चालक मौका पाकर गाड़ी छोड़ भाग गया। प्रभारी कोतवाल शाह आलम ने बताया कि वाहन स्वामी का अभी तक पता नहीं चल सका है। छानबीन की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।