शुजागंज चौकी क्षेत्र स्थित कैथी गांव में रिश्तेदारी में आया बाराबंकी जिले का युवक रविवार दोपहर सरयू नदी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की नदी में तलाश करवाई लेकिन देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चला।
बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चकपुरवा निवासी राकेश (22) पुत्र गंगाराम कैथी गांव निवासी बहन के घर निमंत्रण में आया था। रविवार सुबह वह नित्यक्रिया के लिए सरयू नदी के किनारे चला गया था। जहां पैर फिसलने से वह नदी में चला गया और डूबने लगा।
युवक की चीख पुकार पर भैंस चरा रहे गांव के लड़कों ने उसे नदी में डूबता देखा तो शोर मचाया। जब तक लोग गांव के लोग वहां पहुंचते तब तक वह तेज बहाव में बह चुका था। रुदौली कोतवाली प्रभारी ऋषिकेश यादव, शुजागंज चौकी प्रभारी अजेंद्र प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक राज कुमार दुबे व लेखपाल फकीर प्रसाद मौके पर पहुंचे।