साथी की पिटाई व घर पर हुए हमले से गुस्साए सफाई व जलकल कर्मचारियों ने शनिवार को नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़ काम ठप कर दिया और धरने पर बैठ गए।
कर्मचारियों ने पुलिस व प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। चेतावनी दी कि जब तक आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा।
पालिका के जलकल विभाग में लिपिक राकेश तिवारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात वह श्रीराम अस्पताल से रेलवे स्टेशन मार्ग पर अपनी बाइक से जा रहे थे।
अस्पताल चौराहे पर ही चाय की दुकान पर लुल्लुर यादव, लल्ला यादव, अंकित पांडेय, कंठी निवासी आशिफ बाग रास्ते में टैंपो खड़ी कर रास्ता जाम कर खड़े थे।
जब उन्होंने उन युवकों से टैंपो हटाने को कहा तो युवकों ने उनके साथ गालीगलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दिया। इसके बाद वह वापस जलकल कॉलोनी में स्थित अपने आवास में चले आए।
कुछ देर बाद यही युवक उनके आवास पर पहुंचे और कहा कि श्रीराम अस्पताल के सामने पाइप लाइन फट गई है कीचड़ हो रहा है। राकेश उनके साथ फटी पाइप लाइन देखने चले गए। अस्पताल के सामने पहुंचते ही युवकों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं वहीं पर खड़े चीता मोबाइल के सिपाहियों से डंडा छीनकर उन्हें पीटने लगे और सिपाही मूकदर्शक बने रहे। किसी तरह बचते-बचाते उन्होंने एसओ रामजन्मभूमि को फोन किया तो वह युवक गले की सोने की चेन व 1200 रुपये छीनकर भाग गए और गोली मारने की धमकी दी।
जब वह थाना पहुंचे तो पत्नी का फोन आया कि घर पर कुछ लोग आकर पथराव कर रहे हैं। शनिवार सुबह राकेश ने तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। राकेश ने थाना रामजन्मभूमि पुलिस पर तहरीर के अनुसार केस दर्ज न करने का आरोप भी लगाया।
सुबह साथी कर्मी के साथ हुई घटना व पुलिस से तहरीर के अनुसार रिपोर्ट न दर्ज किए जाने से गुस्साए जलकल व सफाई कर्मियों ने नगर क्षेत्र की जलकल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था ठप कर दी।
पालिका के जलकल कर्मी व सफाई कर्मचारी संघ व स्वास्थ्य विभाग आदि के कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़कर परिसर में धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए।
पुलिस व प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि तहरीर के आधार पर धाराओं को बढ़ाकर जब तक आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में मनोज पांडेय लल्ला, प्रेमनाथ यादव, पिंटू कुमार मिश्र, नीरज पांडेय, कृष्ण कुमार सोनी, अंजनी पांडेय, मनोज पांडेय, रत्नेश पांडेय, योगेश शुक्ल, मंगल भारती, राजेश यादव, अवधेश, श्रीनारायण, मुकेश शामिल रहे।