राजमार्ग से सरकारी बीयर की दुकान को गांव की आबादी के बीच स्थानांतरित करने पर महिलाएं भड़क गईं। उन्होंने बीयर की दुकान के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया और दुकान बंद करवा दी है।
महिलाओं ने विधायक और डीएम को आबादी के बीच बीयर की दुकान न खुलने को लेकर पत्र भेजा है। फैजाबाद-अंबेडकरनगर मार्ग पर गोसाईगंज नगर के पूर्वी छोर पर तेजापुर गांव के पास स्थित एक बीयर की दुकान शनिवार को अंकारीपुर गांव के केवटहिया मोहल्ले में स्थानांतरित की जा रही थी।
इसका महिलाओं ने विरोध किया। कुछ ही देर में पूरे मोहल्ले की महिलाएं एकत्र हो गईं और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल, पुलिस ने बीयर की दुकान बंद करा दी है।
प्रीति सोनी, पूनम सोनकर, राजकुमारी, पूजा, कांती देवी, कुसुम निषाद, भानमती निषाद आदि महिलाओं ने बीयर की दुकान गांव से हटवाने संबंधी मांगपत्र डीएम व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी को दिया। इस पर विधायक ने कार्रवाई के लिए पत्र डीएम को भेज दिया है। थानाध्यक्ष एसएस कुशवाहा ने बताया कि गांव वालों के विरोध पर दुकान बंद करा दी गई है।