कोतवाली रुदौली के उमापुर मार्ग पर बकरी को बचाने में एक ऑटो पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो यात्री घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में ऑटो चालक बाल-बाल बच गया।
थाना मवई क्षेत्र के गांव सुखनंदन का पुरवा के रहने वाले रामबरन रविवार सुबह पत्नी रीता देवी (50) का रुदौली में एक्सरे कराने गए थे। इसके बाद वे दोपहर करीब एक बजे ऑटो से वापस लौट रहे थे। ऑटो रुदौली-उमापुर मार्ग पर बिगनिया पुल के पास पहुंचा ही था, इस दौरान ऑटो के सामने एक बकरी आ गई।
बकरी को बचाने में ऑटो सड़क किनारे चली गई और पलट गई। ऑटो पलटने से चालक समेत चार लोगों में तीन घायल हो गए। लोगों ने ऑटो को सीधा कर उसके नीचे दबी रीता देवी व अन्य को बाहर निकाला और दूसरे सवारी वाहन से सीएचसी रुदौली भेजवाया लेकिन रास्ते में ही रीता देवी की मौत हो गई।
ऑटो में सवार रीता देवी के पति रामबरन व भटनीपुर निवासी राघव को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में ऑटो चालक पहले ही कूद गया था, जिससे वह बच गया।
सड़क हादसे की सूचना पाकर मौके पर रुदौली पुलिस समेत भेलसर चौकी इंचार्ज पहुंचे। चौकी इंचार्ज अंजेश सिंह ने बताया कि हादसे में रीता की मौत हो गई है, शव को को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।