अयोध्या। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड का कहर जानलेवा होता जा रहा है। मंगलवार सुबह छाए कोहरे ने वाहनों की रफ्तार रोक दी। दोपहर में कोहरा कुछ हद तक कम हुआ मगर पहाड़ों पर होती बर्फबारी की वजह से गलन भरी पछुआ हवाएं हाड़ कंपाती रहीं। शीतलहरी के चलते सोहावल तहसील के मुस्तफाबाद गांव में ठंड से एक युवती की मौत हो गई।
सोहावल तहसील क्षेत्र के मुस्तफाबाद के मजरे सहजेवरा निवासी मो. कासिम की पुत्री सबरीन बानो (18) की ठंड लगने से मौत हो गई। ग्रामीण मो. जुनैद, मो. आसिफ ने बताया सोमवार शाम सबरीना को चक्कर और उल्टी दस्त शुरू हुई, जिसे उसे निजी चिकित्सक को दिखाया गया। जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एसडीएम सोहावल ज्योति सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिवारीजनों को अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार गिरते पारे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार देर शाम से ही कोहरा गिरने से लोगों को सुबह के मौसम का मिजाज पता चल गया था। सुबह जब लोगों की आंखें खुली तो चारों तरफ गहरी धुंध की चादर थी। लोगों को कुछ ही मीटर पर दिखाई नहीं दे रहा था।
कोहरे व ठंड की वजह से लोगों की दिनचर्या भी बाधित रही। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों व नौकरीपेशा लोगों को हुई। स्कूलों में जिला स्तर पर अवकाश न घोषित होने के बाद भी अधिकतर स्कूल बंद रहे, जो खुले भी रहे वहां बच्चों की संख्या बहुत कम रही।
नहीं जल रहे अलाव
लाख दावों के बाद भी जिले में कई जगहों पर अभी अलाव नहीं जल रहे हैं। नगर में रिक्शा चला रहे विक्रमजोत बस्ती के भानू, अयोध्या के रामसेवक, बड़ागांव के गंगाराम व दर्शननगर के मनीराम का कहना था कि उन्हें न तो कंबल मिला और कई प्रमुख चौराहों पर अलाव भी नहीं जल रहे हैं। कुछ दुकानों के सामने अलाव जरूर जले, लेकिन क्या इससे उनकी ठंड दूर होगी। कहा कि रिक्शा चलाते समय कंबल ओढ़ा जा सकता है, लेकिन अब तक बंटा ही नहीं हैं। रिक्शा मालिक के टिनशेड में हांड़ कंपाती ठंड में रातें कटना भी मुश्किलों भरा है।
अभी और गिरेगा पारा : मौसम विभाग
मंगलवार सुबह दृश्यता महज 10 मीटर रही, जबकि तापमान अधिकतम 13.5 डिग्री व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत दर्ज की गई। एनडी यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 24 घंटे में हल्के बादल छाए रहेंगे। सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। बताया कि आने वाले दिनों में धुंध छाई रहेगी और तापमान में और गिरावट आ सकती है।