अयोध्या। सुबह भीषण शीतलहर का प्रकोप झेल रहे लोगों को दिन में गुनगुनी धूप ने मामूली राहत दिलाई। इससे तापमान में भी थोड़ा उछाल देखा गया है। लेकिन शाम ढलते ही फिर से शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया और पछुआ हवा से गलन बढ़ गई। मौसम विभाग ने अभी ठंड का प्रकोप जारी रहने का अनुमान लगाया है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से भीषण ठंड का कहर शुरू हुआ है। रविवार देर रात से ही कोहरा छाने लगा। सुबह के समय इसका प्रकोप और बढ़ गया, जिसका नतीजा रहा कि सड़कों पर दोपहिया व चार पहिया वाहन हेडलाइट जलाकर गंतव्य की ओर रवाना हुए। वहीं, 1.7 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही दक्षिणी-पश्चिमी हवा से सिहरन का अहसास हुआ।
नौकरीपेशा व कामकाज की तलाश में निकले दिहाड़ी मजदूरों की हालत खराब रही। दोपहर तक आसमान साफ हुआ और धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली। घर के बुजुर्ग व कामकाज निपटाने के बाद महिलाएं भी छतों पर धूप का आनंद लेती नजर आईं। हालांकि शाम ढलते ही फिर से धुंध व कोहरा छाने लगा, जिससे गलन में इजाफा होने लगा। लोग जल्दी ही कामकाज निपटाकर घर पहुंचने को उत्सुक नजर आए।
वहीं, दिन में धूप खिलने से तापमान में उछाल देखा गया है। अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस बढ़कर 21.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ 4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। आपेक्षिक आर्द्रता भी तीन फीसदी घटकर 97 व न्यूनतम आर्द्रता 50 फीसदी दर्ज की गई है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया है कि अगले 24 घंटे में हल्के बादल व कोहरा पड़ने की संभावना है। पछुआ हवा से ठंड बरकरार रहने का अनुमान है।