नगर निकायों की मतदाता सूची में वार्डों से कई-कई मतदाताओं के नाम नदारद मिल रहे हैं। बूथों पर मतदाता सूची चस्पा की गई तो कई पर बीएलओ स्वयं लेकर बैठक कर रहे है। कुछ ऐसे भी मतदान केंद्र मिले हैं जहां बीएलओ निरीक्षण के दौरान नदारद मिले।
जिले की चार नगर निकायों नगर पालिका रुदौली, नगर पंचायत बीकापुर, गोसाईगंज और भदरसा में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड है सभी वार्डों में एक-एक बूथ बनाया गया है।
इनमें कई बूथों पर सूची चस्पा नहीं रह गई है। बताया गया है कि चस्पा किए जाने के बाद कई को तो किसी ने फाड़ दिया। बीकापुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 व 6 में सबसे ज्यादा खामियां मिल रही है। नासिरपुर मुंशी के रहने वाले परशुराम वर्मा 58, श्यामपति 55, भगवानदीन 35, राधादेवी 40 का नाम का नाम सूची से गायब है।
इन लोगों ने बताया कि पिछली बार उनका नाम वोटर लिस्ट में मौजूद था। इसी तरह अन्य वार्डों में भी दर्जनों लोगों के नाम सूची से गायब मिले। तहसील में निर्वाचन का कार्य देख रहे उमाशंकर ने बताया बूथों पर नौ से 15 मई तक बीएलओ बैठ कर आपत्ति ले रहे हैं।
16 से 19 तक जांच के बाद 25 को सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। गोसाईगंज प्रतिनिधि के मुताबिक यहां वार्डों की संख्या 12 है। वार्ड नंबर 3 कटरा उत्तरी के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में तेलियागढ़ पूर्वी के मतदाताओं के नाम के साथ अंकित है।
कटरा उत्तरी के मतदाताओं के नाम तेलिया गढ़ पूर्वी के लिस्ट में शामिल है। लोग इसको लेकर आपत्तियां कर रहे हैं। मसौधा प्रतिनिधि के मुताबिक, नगर पंचायत भदरसा में 11 वार्ड हैं। चस्पा की गई मतदाता सूची को देखने के लिए लोग बूथों पर पहुंच रहे हैं।
बीएलओ मतदाताओं की शिकायत दूर कर रहे हैं। शाम तक नाम बढ़ाने के लिए 11 लोगों ने आवेदन किया। कटरा, सहित कई अन्य बूथों पर मतदाताओं का नाम सूची में न होने की शिकायतें भी रहीं। बीएलओ सुरेश मिश्र ने बताया कि फिलहाल अभी सिर्फ नाम बढ़ाने के आवेदन आएं हैं।
संशोधन और विलोपन का कोई मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। निगरानी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मसौधा हेमलता और नायब तहसीलदार मसौधा पैगाम हैदर सुपरवाइजर के रूप में तैनात किए गए हैं।
रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक, नगर पालिका रुदौली में 25 वार्ड हैं। 25 वार्ड में 50 बूथों पर 35 हजार 9 सौ 23 मतदाताओं के लिए 50 बीएलओ लगाए गए है। नेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल रुदौली में वार्ड मखदुमजादा के बीएलओ शिव कुमार ने बताया की मतदाता सूची में नाम देखने वाले आ रहे है। तीन लोगों अख्तर हुसेन, कैसर जहां, असरफ हुसेन ने नाम बढ़ाने का आवेदन दिया है। मदरसा तब्लील कुरान पर पूरे जामी के बीएलओ नाथू राम ने बताया की आयशा खातून अरशद खान ने नया आवेदन दिया है।