रामनगरी अयोध्या की सूरत शीघ्र बदलने वाली है। मोदी सरकार ने समन्वित विकास के लिए परियोजनाओं का इंटीग्रेटेट प्लान मांगा है। इसमें अलग-अलग विभागों व कार्यदायी संस्थाओं की अधूरी, स्वीकृत व प्रस्तावित परियोजनाओं की गहन समीक्षा कर नया ब्लू प्रिंट बनेगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन व सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने इसे लेकर गुरुवार सुबह तीन घंटे तक रामकथा संकुल, रामायण संग्रहालय, अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय, सरयू घाट, राम की पैड़ी, अयोध्या शोध संस्थान, दिगंबर अखाड़ा आदि का मौका-मुआयना किया।
प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी सुबह छह बजे हाईवे होते हुए सीधे अयोध्या स्थित रामकथा संकुल पहुंचे। इस प्रोजेक्ट की मायावती सरकार में आधारशिला रखी गई थी, मगर बीते नौ साल से आधा से भी कम हिस्सा पूरा मिला।
इसी के पास अखिलेश सरकार ने रामायण संग्रहालय प्रस्तावित किया था, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमान संभालते ही सबसे पहले यहां 25 एकड़ जमीन के प्रस्ताव की स्वीकृति दी।
प्रमुख सचिव ने मौके पर अधूरे पड़े काम की वस्तुस्थिति देखी। अफसरों से अधूरे प्रोजेक्ट की पूरी हिस्ट्री के साथ पूरा करने का प्लान मांगा। रामकथा संग्रहालय व रामकथा पार्क को आपस में जोड़ने व दोनों के बीच की भूमि पर सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
रामकथा संग्रहालय में एक और मंजिल के निर्माण के साथ वहां राम के आदर्श जीवन से जुड़े डिजिटल लाइट एंड साउंड सिस्टम द्वारा चित्र प्रदर्शन के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस से जोड़ने, राम की पैड़ी स्थित मंदिरों का सौंदर्यीकरण के साथ एक रंग में रंगने, झोपड़ी पट्टी में निवास कर रहे लोगों को आवास उपलब्ध कराने के साथ अतिक्रमण मुक्त करने समेत अगले 100 वर्षों को ध्यान में रखकर घाटों, परिक्रमा मार्ग के विस्तार, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग प्रस्ताव बनाने से पूर्व सांसद व विधायक से विचार विमर्श अवश्य करें। प्रमुख सचिव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस व रायबरेली के चार लेन के प्रस्तावित मार्ग से अयोध्या जी को जोड़ने के लिए प्रस्ताव सांसद लल्लू सिंह व विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से मांगा।
कहा कि इसके लिये छोटे कार्य वाले विभाग अधिकतम एक सप्ताह व बड़े कार्यों वाले विभाग 100 दिनों के अंदर अपनी योजना का ब्लूप्रिंट प्रस्तुत कर दें, जिससे वह यथाशीघ्र क्रियान्वित हो सके।
सांसद ने प्रमुख सचिव से अयोध्या के घाटों, मार्गों एवं प्रमुख मंदिरों के सामने 5 व 10 किलोवाट के सोलर लाइट लगवाने की मांग की। प्रमुख सचिव ने जनप्रतिनिधि से विद्युत सब स्टेशन को अपग्रेड करने, चौदह कोसी, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का, घाटों का विस्तार सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव मांगा।
अंत में प्रमुख सचिव ने बड़ी छावनी जाकर महंत नृत्यगोपाल दास से लिया आशीर्वाद लिया। श्री दास ने सरयू में गिर रहे नाले को बंद कराने की मांग की। भ्रमण के दौरान डीएम विवेक, एसएसपी अनंतदेव समेत पर्यटन, अयोध्या शोध संस्थान, पीडब्लूडी, विद्युत, राष्ट्रीय राज्य मार्ग, अयोध्या-फैजाबाद विकास प्राधिकरण, जल निगम उपस्थित थे।