अयोध्या। नगर निकाय चुनाव की पृष्ठभूमि तैयार होने लगी है। इसके लिए मतदाता सूची को अपडेट किए जाने का काम शुरू हो रहा है। एक जनवरी 2023 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले भी आने वाले चुनाव के लिए मतदाता बनाए जाएंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने निकायों की मतदाता सूची को अपडेट करने का आदेश जारी किया है। सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के जरिए एक जनवरी को 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवाओं को आने वाले चुनाव में मताधिकार के प्रयोग का मौका मिलेगा। मतदाता सूची को अपडेट किए जाने का काम 10 मार्च को निर्वाचक नामावली के ड्राफ्ट प्रकाशन के साथ शुरू होगा।
कहा कि आयोग से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 11 से 17 मार्च तक मतदाता सूची के निरीक्षण के साथ दावे आपत्तियां प्रस्तुत की जाएगी। 18 से 22 मार्च तक दावे व आपत्तियां की जा सकेंगी। 23 से 31 मार्च तक पूरक सूची तैयार की जाएगी। एक अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
पात्र व्यक्ति मतदाता बनने के लिए 11 से 17 मार्च के बीच राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपना आवेदन कर सकता है।
बदला जा सकेगा मतदाता का वार्ड
त्रुटिवश यदि किसी मतदाता का नाम उसके अपने वार्ड से अलग दूसरे वार्ड में दर्ज हो गया है तो इस दौरान मतदाता का नाम उससे संबंधित वार्ड में दर्ज किया जा सकेगा।