बीकापुर। शिक्षा क्षेत्र के दो परिषदीय स्कूलों में परिसर में छात्र-छात्राओं के घास काटने व साफ-सफाई करने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। मामला पूर्व माध्यमिक विद्यालय मलेथू कनक और प्राथमिक विद्यालय जलालपुर माफी से जुड़ा है। वीडियो से अभिभावकों में नाराजगी है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय मलेथू कनक की प्रधानाध्यापिका चंदा कुमारी ने बताया कि बच्चों से कोई सफाई नहीं कराई जाती है। बच्चे अपने आप घास को उखाड़ने चले गए थे। यहां तैनात सफाई कर्मी प्रेम प्रकाश द्वारा सफाई नहीं की जाती, जिससे दिक्कत होती है।
कभी-कभी उनके द्वारा पैसा देकर बाहर से सफाई कर्मी बुलवाकर शौचालय और सफाई कार्य कराया जाता है। शिकायत विभाग में भी की गई है। जबकि प्राथमिक विद्यालय जलालपुर माफी में संपर्क नहीं हो सका।
तमाम जागरूक लोगों और कई अभिभावक का कहना है कि सफाईकर्मियों की उदासीनता और नियमित साफ-सफाई न होने से विद्यालय परिसर में जंगली घास और झाड़ उग आते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत मौर्य ने बताया कि बच्चों से विद्यालय में साफ-सफाई करवाए जाने के मामले की जांच पड़ताल की जाएगी।