आक्रोशित ग्रामीणों ने मिल्कीपुर, खजुरहट मार्ग जाम कर दिया और सबस्टेशन पर ताला जड़ दिया। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ रोड जाम दोपहर करीब 12 बजे तक चला।
पावर कॉर्पोरेशन के मिल्कीपुर उप खंड अधिकारी ने व्यवस्था ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान जाम में फंसे यात्री परेशान रहे।
कई सप्ताह से बिजली की किल्लत झेल रहे उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट गया। गुस्साए लोगों ने हैरिंग्टनगंज विद्युत सबस्टेशन का घेराव कर समाज कल्याण मंत्री पर क्षेत्रीय जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने काफी देर तक नारेबाजी करने के बाद सब स्टेशन में ताला जड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ का जत्था मिल्कीपुर, खजुरहट मार्ग की ओर बढ़ गया और रोड जाम कर दी।
दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन मिल्कीपुर के उपखंड अधिकारी चंद्रशेखर ने सबस्टेशन पर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने व हैरिंग्टनगंज मेन बाजार में बड़ा ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वाशन दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीन नायक, इनायतनगर थानाध्यक्ष रामस्वरूप कमल ने लोगों को समझा बुझा कर रोडजाम खुलवाया। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से हैरिंग्टनगंज युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश जायसवाल, देवेंद्रमणि त्रिपाठी, अर्जुन गुप्त, बब्लू जायसवाल, शिवकुमार, प्रमोद मिश्रा, कौशल किशोर समेत तमाम ग्रामीण शामिल रहे।