अयोध्या। यूरिया के लिए किसानों की भीड़ के मद्देनजर शनिवार को कई सहकारी समितियों पर पुलिस की निगहबानी में बिक्री कराई गई। तारुन और चौरे बाजार में समितियों पर खाद वितरण किया गया।
चौरे बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक स्थानीय सहकारी समिति पर शनिवार को यूरिया लेने के लिए भीड़ जमा हो गई। सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होने लगा तो चौकी प्रभारी मुकेश ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर खाद का वितरण कराया। सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि 400 बोरी यूरिया उपलब्ध है, जिसे नकद के रूप में एक बोरी और समिति सदस्यों को पांच बोरी दी जा रही है।
तारुन प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र की सात सहकारी समितियों पर 2800 बोरी यूरिया किसानों में बेची गई। भीड़ के मद्देनजर पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण किया गया। क्षेत्र में यूरिया को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। किसान खाद के लिए परेशान हैं। समितियों पर खाद पहुंचने की सूचना मात्र से भीड़ लग जा रही है।
एडीओ सहकारिता प्रदीप वर्मा ने बताया कि शनिवार को सहकारी समिति जयसिंह मऊ, हैदरगंज, गरौली, नतेवारी चतुरपुर, गौरा, पलिया मलावन, यादवपुर में शनिवार को चार-चार सौ बोरी यूरिया की आपूर्ति हुई। खाद लेने के लिए समितियों पर किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस की निगरानी में किसानों को खाद बेची गई। गौरा और मलावन समिति पर भी खाद उपलब्ध हो गई है।