अयोध्या। कोतवाली नगर अंतर्गत देवकाली स्थित एमआईएस इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में पकड़े गए सॉल्वर ने कुबूल किया है कि वह पांच लाख रुपये लेकर दूसरे की जगह परीक्षा देने आया था। पुलिस ने स्कूल के केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर सॉल्वर समेत दो पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में किसी गिरोह के सक्रिय होने के अंदेशे को लेकर जांच कर रही है।
एमआईएस स्कूल के केंद्राध्यक्ष संजय श्रीवास्तव निवासी उसरू कोतवाली नगर ने अपनी तहरीर में पुलिस को बताया कि सोमवार को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान करीब 4:30 बजे आयोग की बॉयोमीट्रिक टीम की जांच में रविकांत निवासी विहरोज हेमपुर थाना पल्हनी जिला आजमगढ़ अनुक्रमांक 0028877 के स्थान पर मिथुन कुमार निवासी ताती ग्रामअमारी थाना खैरा जिला जमुई बिहार परीक्षा देता हुआ पाया गया। जांच में पता चला कि रविकांत के प्रवेश पत्र पर मिथुन द्वारा अपनी फोटो स्कैन कर लगाई गई थी। इस दौरान उसने रविकांत का आधार कार्ड भी दिखाया। शक होने पर पुलिस को बुलाकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।
सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी शुरू में अपना नाम गलत बता रहा था, लेकिन सख्ती करने के बाद उसने अपना असली नाम पता कबूल किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने रविकांत से पांच लाख रुपये लेकर उसकी जगह परीक्षा देने का सौदा किया था। सीओ ने बताया कि आरोपी बिहार का था, जबकि अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। ऐसे में दोनों का संपर्क कैसे हुआ, इसको लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने इसके पीछे किसी गिरोह के होने के अंदेशे को स्वीकार करते हुए कहा कि इसी जांच की जा रही है। बताया कि मामले में मिथुन व रविकांत के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471 व 120बी के तहत केस दर्ज किया गया है।आरोपी मिथनु को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में टीम आजमगढ़ भेजी गई है।
18,610 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी
अयोध्या। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में 18610 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। प्रथम पाली में 39 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 60.99 प्रतिशत अनुपस्थिति रहे। दूसरी पाली में 39.64 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 60.36 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सहायक नोडल अधिकारी डीआईओएस वीरेश कुमार ने बताया कि उक्त परीक्षा सोमवार व मंगलवार को चार पालियों में हुई। जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर 61344 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों दिनों में 23803 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 37539 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। मंगलवार को प्रथम पाली में 15336 अभ्यर्थियों में से 5982 ने परीक्षा दी जबकि 9354 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 6080 ने परीक्षा दी जबकि 9256 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बताया कि पूरी परीक्षा सीसीटीवी के निगरानी में हुई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर कड़ी चेकिंग व प्रवेश पत्र व आधार कार्ड के मिलान के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। आयोग व जिला प्रशासन की टीम परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रही।