अयोध्या। जिला अस्पताल में शनिवार को एक महिला लैब टेक्नीशियन के साथ अभद्रता के मामले में लैब टेक्नीशियन संघ ने हंगामा किया। सीएमएस कक्ष में आक्रोशित लैब टेक्नीशियन ने प्रदर्शन करते हुए आरोपी पर कार्रवाई मांग की है। कार्रवाई न होने पर सोमवार से कार्य बहिष्कार करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी में भर्ती होने वाले मरीजों की भर्ती से पूर्व एंटीजन किट से कोरोना संक्रमण की जांच की जाती है। निगेटिव होने के बाद मरीज को वार्डों में भर्ती किया जाता है, जबकि पॉजिटिव व्यक्ति को कोविड प्रोटोकॉल के साथ इलाज शुरू किया जाता है। इसके लिए इमरजेंसी ओपीडी में प्रतिदिन एक लैब टेक्नीशियन की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाती है। यह प्रक्रिया पूर्व की भांति शनिवार को भी गतिमान रही। शनिवार को इसके लिए लैब टेक्नीशियन अर्पिता पांडेय की ड्यूटी लगाई गई थी।
इस बीच दोपहर में जांच कराने के लिए पहुंचे एक व्यक्ति से जांच को लेकर कहासुनी के बाद हंगामा खड़ा हो गया। लैब टेक्नीशियन की सूचना पर संगठन के लोग भी एकत्र हो गए और दोनों पक्षों में तीखी नोंकझोंक हुई। सुबोध श्रीवास्तव नाम के एक व्यक्ति पर महिला लैब टेक्नीशियन अर्पिता पांडेय से अभद्रता का आरोप लगाते हुए लैब टेक्नीशियन संघ ने विरोध प्रदर्शन किया।
सीएमएस कक्ष में कार्रवाई की मांग लेकर आक्रोशित लोगों ने घंटों हंगामा काटा और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आक्रोशित कर्मचारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
एलटी संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि इस तरह का कृत्य महिला एलटी के साथ घोर निंदनीय है। जब तक आरोपी पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन किया जाएगा। वहीं, पीड़िता अर्पिता पांडेय ने कहा कि मामले में कार्रवाई के लिए तहरीर दी जा रही है। सीएमएस को भी अवगत कराया गया है। वहीं, सीएमएस डॉ सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस तरह की अराजकता पैदा करने वाले संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पत्राचार किया जाएगा। मामले से अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।