पहले चरण में स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग होगी। इस दौरान प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालय में उपलब्ध सीटों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा।
काउंसलिंग में आने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियतों के मद्देनजर मंगलवार को कुलपति प्रो. अख्तर हसीब ने गठित दर्जनभर समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
कुलपति ने समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि काउंसंलिंग में किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की सुगमता के लिए फैजाबाद जिला मुख्यालय एवं जगदीशपुर में बैनर लगाने का आदेश अधिष्ठाता छात्र कल्याण को दिया।
जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों व अभिभावकों को सुविधा हो। प्रमाणपत्र सत्यापन कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिया कि वे संचालन समिति के निर्णयों व दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें। जिससे कोई विषम स्थिति न उत्पन्न हो।
इसके साथ काउंसलिंग के दौरान परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुकम्मल करने को कहा। बैठक में अन्य कमेटियों को दी गई जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई।
इससे पूर्व कुलपति ने काउंसलिंग से जुड़े सभी स्थानों व भवनों का निरीक्षण कर यूपी कैटेट के आयोजक कुलसचिव डॉ. पीके सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उन्होंने जलपान व भोजन की व्यवस्था के लिए लगने वाली दुकानों को काउंसलिंग स्थल के नजदीक लगाने को कहा। मीडिया प्रभारी उमेश पाठक ने कहा कि स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने साथ सभी प्रमाण-पत्रों की मूल व प्रमाणित प्रति अवश्य लाएं। अन्यथा उन्हें काउंसलिंग से बाहर कर दिया जाएगा।