अयोध्या। गोसाईगंज के महबूबगंज कस्बे के निकट रुहियावां गांव के रहने वाले धनराज चौहान ने यूपी जेईई प्रवेश परीक्षा में ग्रुप-ई बायो में पहले रैंक पाई है। उन्हें यह सफलता पहले प्रयास में हासिल हुई।
धनराज के पिता ओमप्रकाश चौहान प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि मां किस्मती गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई संजय चौहान ने सिविल इंजीनियरिंग का डिप्लोमा किया है। धनराज ने हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा अवध इंटरनेशनल स्कूल से जबकि बीएससी अवध विश्वविद्यालय से पास की। धनराज ने बताया कि यह सफलता सेल्फ स्टडी के माध्यम से प्राप्त की। उनका यह पहला प्रयास था। बताया कि वह घर पर ज्यादातर समय पढ़ाई में ही व्यतीत करते हैं। कहा कि कड़ी मेहनत से सफलता पाई जा सकती है, इसके लिए लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए।