सरयू में स्नान के दौरान दो युवकों के डूबने के बाद नदी में तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। -संवाद
अयोध्या। कोतवाली अंतर्गत नयाघाट चौकी क्षेत्र के सरयू घाट पर शनिवार सुबह करीब चार बजे सरयू नदी में स्नान करते समय दो युवक डूब गए। एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम डूबे युवकों की तलाश में जुटी है। देर शाम सात बजे तक डूबे युवकों की तलाश जारी थी। जलपुलिस की सूचना पर पहुंची नयाघाट चौकी पुलिस ने घाट के पास खड़ी गाड़ी व कपड़े को तलाशा तो दोनों युवकों की पहचान उनके आधार कार्ड से हुई। दोनों युवक फैजाबाद शहर के रहने वाले हैं। इनमें एक मनीष तिवारी पुत्र विजय तिवारी निवासी महाजनी टोला और दूसरा पीयूष पांडेय पुत्र रामसुंदर पांडेय निवासी रामनगर है।
नयाघाट चौकी प्रभारी विजयंत मिश्रा ने बताया कि जानकारी के अनुसार दोनों सुबह सरयू स्नान के लिए आते थे। इसी क्रम में वे शनिवार सुबह भी करीब चार बजे पहुंचे थे। सरयू स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए। बताया कि उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। एनडीआरएफ व जलपुलिस की टीम सुबह से डूबे युवकों की तलाश में जुटी है। शाम सात बजे तक डूबे युवकों का कोई पता नहीं चल सका है।