अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन पर यातायात निरीक्षक कार्यालय में खलासी के पद पर तैनात रेलकर्मी की करंट से मौत हो गई। खलासी प्रद्युम्न यादव (28) मोदहा स्थित रेलवे कॉलोनी में सरकारी आवास पर अपने परिवार के साथ रहता था। वह शुक्रवार को छुट्टी पर था, शाम करीब 7 बजे घर में बिजली के बोर्ड में स्विच लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गया। घर में मौजूद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। प्रद्युम्न के पिता उदय राज कैंसर पीड़ित हैं। वह वर्तमान में इलाज कराने के लिए मुंबई गए हैं। उन्होंने समय से पूर्व सेवानिवृत्ति ले ली थी, उनकी जगह पर चार वर्ष पूर्व उनके बेटे को रेलवे में खलासी के पद पर नौकरी मिली थी। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी, एक लड़का व दो लड़की छोड़ गया है। रेलवे के यातायात निरीक्षक दिग्विजय ने बताया कि रेलवे के नियमानुसार उसके अंतिम संस्कार के लिए उसके परिवार को 10 हजार रुपये दिए गए हैं। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।