मवई/पटरंगा। लखनऊ अयोध्या नेशनल हाईवे पर पटरंगा थाना के पूरे शाहलाल के पास एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा हादसा मवई थाना क्षेत्र के मवई चौराहा पर हुआ, जहां एक ट्राला व ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक को भी गंभीर चोटें आईं हैं। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
शनिवार सुबह लखनऊ अयोध्या नेशनल हाईवे पर मवई के मवई चौराहा ओवरब्रिज के पास एक ट्रॉला गिट्टी लादकर अयोध्या की ओर जा रहा था। इस दौरान सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे दोनों वाहन आपस में भिड़ गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला का एक हिस्सा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में से दोनों घायलों को बाहर निकाल कर सीएचसी मवई ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान खलासी दिलीप दुबे (30) निवासी विहरा भलुइया थाना हरैय्या जनपद बस्ती की मौत हो गई। जबकि चालक बृजेश दुबे का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
मवई थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह यादव ने बताया कि घटना की जानकारी है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
वही, दूसरा हादसा पटरंगा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर पुरेशाह लाल गांव के पास हुआ, एक बाइक पर सवार दो लोग सर्विस रोड से हाईवे पर जैसे चढ़े कि पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। हाइवे पुलिस चौकी प्रभारी दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सुजीत कुमार (28) निवासी कल्याण पुर थाना घोसी जनपद मऊ के रूप में हुई हैं। घटना की सूचना परिवारीजनों को दे दी गई हैं।