अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के कंटेनमेंट जोन घोषित रामनगर अमावसूफी गांव में एक प्रवासी युवक को आइसोलेट करने के लिए ले जाते समय युवक की बुजुर्ग दादी कौशिल्या (80) की सदमे में मौत हो गई।
11 मई को दर्जन भर प्रवासी गांव आए थे जिसमें से जांच के बाद तीन कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद सभी प्रवासियों की जांच कराई जा रही है। शुक्रवार को प्रवासी युवक रिंकू (22) को आइसोलेट करने के लिए एंबुलेंस आई थी।
एंबुलेंस देखकर बुजुर्ग महिला नाती को जाने से मना करने लगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम जैसे ही प्रवासी मजदूर को लेकर आगे बढ़ी बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रवासी युवकों को घर पर छोड़कर बैरंग लौट गई।