शुक्रवार को कोहरे व गलन के बीच लाइट जलाकर जाती ट्रेन ।
- फोटो : अमर उजाला
कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे से फैजाबाद-दिल्ली व मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। इन दोनों ट्रेनों का संचालन क्रमश: 17 व 18 दिसंबर से 15 जनवरी तक स्थगित रहेगा। फैजाबाद से दिल्ली तक चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन से ही प्रतिदिन रेलवे को लगभग एक लाख 13 हजार रुपये का नुकसान होगा।
उत्तर भारत में पड़ रहे घने कोहरे से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित है। ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ट्रेनें 15-16 घंटे से 24-24 घंटे लेट चल रही हैं। स्टेशन अधीक्षक दिग्विजय सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे मुख्यालय ने कोहरे के कारण फैजाबाद से प्रतिदिन चलने वाली फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस के संचालन को 17 दिसंबर से 15 जनवरी तक रोक दिया है। इसके साथ ही मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस का भी संचालन 18 दिसंबर से 15 जनवरी तक रोका गया है।
बताया गया कि इन दोनों ट्रेनों का संचालन इस दौरान स्थगित रहेगा। बता दें कि हाल ही में कोहरे की वजह से लेट हुई फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस को कंट्रोल से निरस्त कर दिया गया था। ट्रेन के निरस्त होने से दिल्ली तक यात्रा करने वाले सैंकड़ों यात्री परेशान हुए थे।
रेलवे ने सभी यात्रियों को लगभग एक लाख 13 हजार रुपये टिकट बुकिंग की धनराशि वापस की थी। फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस के 15 जनवरी तक निरस्त होने के कारण रेलवे को प्रतिदिन लगभग एक लाख 13 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा। सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि ट्रेनों का संचालन रोके जाने से यात्रियों की परेशानियों को लेकर रेल अफसरों से बातचीत की जा रही है।