फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: दो तिहाई फीडर बंद, बिजली ने बंद किया पानी

Sat, 18 Mar 2023 11:43 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
अयोध्या में शनिवार की देर शाम हड़ताल के कारण अंधेरे में डूबा शहर। -नितिन श्रीवास्तव (संवाद)
विज्ञापन
अयोध्या। बिजली की हड़ताल से निपटने के सरकारी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं जिसका असर यह रहा कि जिले के दो तिहाई फीडर बंद रहे। शहर के 67 ट्यूबवेलों में ज्यादातर से पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। जहां सप्लाई हुई वहां भी बहुत कम समय के लिए। शहर के कुछ इलाकों में बिजली जरूर आई, लेकिन लगातार फाॅल्ट से शाम तक और बदतर हो गए।अयोध्या शहर में बिजली की सप्लाई प्रशासन के प्रयासों से शुक्रवार रात कुछ इलाकों में शुरू हो गई थी। दिन में कई टीमें लगाकर यह काम और तेज किया गया, लेकिन शहर को बहुत राहत नहीं मिल पाई। सिविल लाइंस जैसे इलाके में भी बिजली का संकट बना रहा। शहर में पेयजल सप्लाई के लिए केवल नगर निगम, अयोध्या जलकल और अमानीगंज के अलावा कहीं भी जनरेटर का इंतजाम नहीं था। इसकी वजह से पानी शहर के लिए ज्यादा बड़ा संकट बना। शाम तक लोग बोतलबंद पानी खरीदते नजर आए। गांव से लेकर शहर तक के 240 फीडरों में एक तिहाई फीडर भी नहीं चल पाए जिससे ग्रामीण इलाकों में भारी बिजली संकट रहा। रुदौली में शुक्रवार की दोपहर से 33 केवीए लाइन सोहावल में आए फाॅल्ट से आपूर्ति बंद है और बच्चों की पढ़ाई से लेकर आम दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित हुई। तहसील क्षेत्र के सभी सात उपकेंद्रों की बिजली बंद हो चुकी है। घरों में जलाने के लिए मिट्टी का तेल नहीं मिला पा रहा। डीजल और सरसों के तेल से घर मे रोशनी की जा रही। घरों के जनरेटर कुछ घंटे के लिए जरूरत के हिसाब से चलाए जा रहे। एसडीएम ने बताया कि पेट्रोलिंग कराकर हालात सामान्य करने के प्रयास चल रहे हैं। महबूबगंज दिलासीगंज क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पिछले लगभग 30 घंटे से ठप है। तारुन में शुक्रवार को शाम को लगभग पौने चार बजे से मेन सप्लाई बबूरिहा के पास से बाधित होने से तारुन क्षेत्र के दो उपकेंद्रों तारुन व गयासपुर के 10 फीडरों पर नहीं आई। मिल्कीपुर के विद्युत उपकेंद्र हैरिंग्टनगंज में लगभग 30 घंटों से विद्युत आपूर्ति बाधित है। विद्युत उपकेंद्र पर नियुक्त मजिस्ट्रेट को बैठने के लिए भी ऑफिस नहीं खुला है। विद्युत उप केंद्र रानी बाजार से विद्युत आपूर्ति बृहस्पतिवार की सुबह से शनिवार दोपहर तक शुरू नहीं हो सकी। केंद्र पर किसी सरकारी वा संविदा विद्युत कर्मचारी की वापसी नहीं हुई है। राजस्व कर्मी राम धीरज लेखपाल ने बताया कि आपूर्ति कब होगी हमें कोई जानकारी नहीं। पूरा बाजार क्षेत्र के के दर्जनभर गांव में बुधवार 1 बजे से सप्लाई बंद है। यही हाल कमोबेश पूरे जिले के ग्रामीण इलाकों का है।
विज्ञापन

विपक्ष हुआ हमलावर तो भाजपाई भी भड़के
अयोध्या। बिजली की हड़ताल से हुई परेशानी को लेकर जहां विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा तो वहीं भाजपा के एक नेता ने बिजली अफसरों की बिजली काटने का ऐलान कर दिया। सपा के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने कहा कि सरकार के तानाशाही रवैए से जनता को बिजली नहीं मिल रही है। अयोध्या सहित पूरे प्रदेश का बुरा हाल है बिजली न होने से लोगो के घरों में पानी सहित तमाम चीजों की किल्लत हो गई। कहा कि यदि व्यवस्था दुरुस्त न हुई तो सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार आंदोलनरत कर्मचारियों से वार्ता तक नहीं कर पा रही है। यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार में कितना अहंकार है। इन सबसे इतर मित्र मंच प्रमुख भाजपा नेता शरद पाठक ने हड़ताल की निंदा की और कहा कि यदि आम जनमानस की पीड़ा बिजली अफसर नहीं समझेंगे तो वे आम नागरिकों के साथ 20 मार्च से बिजली कर्मियों/अधिकारियों के आवासों की बिजली काटेंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें